पटना: राजधानी के JP Ganga Path पर वेंडिंग जोन विकसित करने की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। जून तक यहां अत्याधुनिक प्री-फैब्रिकेटेड दुकानों लगाई जाएंगी। इससे यह इलाका व्यावसायिक गतिविधियों से गुलजार नजर आएगा। परियोजना को लेकर टेंडर प्रक्रिया तेज कर दी गई है। एक सप्ताह के भीतर प्री-बिड मीटिंग आयोजित की जाएगी। टेंडर में शामिल चार तकनीकी एजेंसियों के बिड को तकनीकी रूप से योग्य पाया गया है।
इनमें से सर्वश्रेष्ठ एजेंसी का चयन कर दो माह के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परियोजना के तहत कुल 50 दुकानों का निर्माण किया जाएगा। पूर्व में प्रस्तावित चार डिजाइनों में से दो को अंतिम रूप दिया गया है। इनमें 45 दुकानें 16 फुट लंबी और पांच 20 फुट लंबी होंगी। सभी दुकानों को 10-10 के पांच क्लस्टर में विकसित किया जाएगा।

JP Ganga Path
प्रत्येक क्लस्टर में नौ छोटी और एक बड़ी दुकान होगी। इससे न केवल व्यवस्थित व्यापारिक वातावरण तैयार होगा, बल्कि स्थान का बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित होगा। इस परियोजना पर करीब 7.18 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पहले प्रस्तावित चार डिजाइन में से दो को अंतिम रूप दिया गया है। एजेंसी चयन के बाद कार्यादेश जारी किया जाएगा। खास बात यह है कि निर्माण के बाद तीन वर्षों तक दुकानों के रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी की ही होगी।
एजेंसी चयन कर दो माह के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य
दुकानों के डिजाइन में गंगा तट की प्राकृतिक सुंदरता और खुला दृश्य बरकरार रखने पर जोर
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी दुकानें
वेंडिंग जोन की दुकानों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। इनमें बिजली, ड्रेनेज, प्लंबिंग और एलईडी लाइटिंग जैसी व्यवस्थाएं शामिल होंगी। दुकानों का डिजाइन इस प्रकार तैयार किया गया है कि गंगा तट की प्राकृतिक सुंदरता और खुला दृश्य प्रभावित न हो।









