पटना – मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी आज समस्तीपुर जिले के खानपुर प्रखंड स्थित चकोटी मठ के प्रसिद्ध ’24 अवतार धाम’ पहुंचे, जहां उन्होंने भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव-सह-विष्णु महायज्ञ एवं संत महाकुंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्री महाविष्णु के 24 अवतारों तथा अन्य विग्रहों की विधिवत पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख-शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने चकोटी मठ परिसर में स्थापित श्री महाविष्णु जी के ’24 अवतार धाम’ का शिलापट्ट अनावरण कर उसका लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित संत-महात्माओं, धार्मिक गुरुओं एवं श्रद्धालुओं का अभिवादन करते हुए कहा कि चकोटी मठ का यह ’24 अवतार धाम’ आनेवाले समय में देशभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र बनेगा। धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्द्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा सामाजिक समरसता, संस्कार एवं राष्ट्र निर्माण को मजबूत बनाते हैं।

चकोटी मठ पहुंचने पर मुख्यमंत्री का श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर राम सेवक दास शास्त्री जी महाराज ने फूलों की विशाल माला एवं पाग पहनाकर अभिनंदन किया। वहीं समस्तीपुर की सांसद श्रीमती शांभवी चौधरी, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मठ के सेवादारों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने मखाना माला, अंगवस्त्र एवं पुष्प गुच्छ भेंटकर पारंपरिक तरीके से उनका भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत, परिवहन मंत्री श्री दामोदर रावत, सांसद श्रीमती शांभवी चौधरी, पूर्व मंत्री सह विधायक श्री महेश्वर हजारी, विधायक श्री राजेश कुमार सिंह, विधायक श्रीमती अश्वमेघ देवी, अन्य जनप्रतिनिधिगण, दरभंगा प्रमण्डल के आयुक्त श्री हिमांशु कुमार राय, दरभंगा प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक श्री मनोज तिवारी, समस्तीपुर के जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा सहित अन्य अधिकारीगण, संत-महात्मा, श्रद्धालु एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।









