बिहार में सोमवार की देर शाम पटना प्रमंडल के आयुक्त एवं पांच जिले भोजपुर, बेगूसराय, सीवान, सीतामढ़ी, कैमूर के डीएम समेत 14 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया है। चार आईएएस को अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गयी है। ग्रामीण विकास, गृह, वित्त, निगरानी, मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन, समाज कल्याण, पीएचइडी और शिक्षा विभाग सहित आठ विभाग में नये सचिव की तैनाती हुई है।
पटना प्रमंडल को नया कमिश्नर, मनेश मीणा बने भोजपुर तो सीवान के नए डीएम विजय प्रकाश मीणा, हटाए गए विवेक रंजन मैत्रेय। बिहार में 14 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया।
सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के मुताबिक, पीएचइडी के प्रधान सचिव राजेश कुमार पटना प्रमंडल के नये आयुक्त बनाये गये है। पटना प्रमंडल के आयुक्त मयंक वरवड़े को निगरानी विभाग के प्रधान सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एचआर श्रीनिवास को ग्रामीण विकास विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार गृह विभाग के प्रधान सचिव बने है।
कुंदन कुमार को गृह सचिव के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार वित्त विभाग के प्रधान सचिव बनाये गये है। उनके पास नगर विकास एवं आवास विभाग का अतिरिक्त प्रभार रहेगा।
वित्त विभाग के सचिव संजय कुमार सिंह को मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव की जिम्मेदारी दी गयी है। वह वाणिज्य कर, जीएसटी और मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव के अतिरिक्त प्रभार में पूर्ववत बने रहेंगे।
नवीन कुमार को मद्य निषेध विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। विनोद सिंह गुंजियाल को समाज कल्याण विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार मिला है। उनको शिक्षा विभाग (संपूर्ण प्रभार) से मुक्त कर दिया गया है।
लघु जल संसाधन विभाग के सचिव बी कार्तिकेय धनजी को पीएचइडी विभाग का सचिव बनाया गया है। उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन को शिक्षा विभाग के सचिव की जिम्मेदारी दी गयी है। वे उच्च शिक्षा विभाग के सचिव और वित्त विभाग के सचिव (संसाधन) के अतिरिक्त प्रभार में बने रहेंगे।
अरविंद कुमार चैधरी को बिपार्ड के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार मिला है। जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ चंद्रशेखर सिंह को लघु जल संसाधन विभाग के सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गयी है। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के विशेष सचिव नवदीप शुक्ला को बिहार शिक्षा परियोजना पर्षद के परियोजना निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
अधिसूचना के मुताबिक खान निदेशक मनेश कुमार मीणा को भोजपुर डीएम बनाया गया है। सीतामढ़ी डीएम रिची पांडेय बेगूसराय के नये डीएम होंगे। इसी तरह, नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव विजय प्रकाश मीणा को सीवान, भोजपुर डीएम तनय सुल्तानिया को सीतामढ़ी और बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के एमडी कुमार अनुराग को कैमूर के डीएम की जिम्मेदारी दी गयी है।









