पटना। अग्नि कांड के मद्येनजर पटना जिला अंतर्गत आर ब्लॉक के समीप स्थित कमला नेहरू नगर की झुग्गी-झोपड़ी बस्तियों में बिहार अग्निशमन सेवा द्वारा वृहद मॉकड्रिल-सह-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विशेष रूप से गर्मी के मौसम में खाना पकाते समय असावधानियों के कारण घटित होने वाले अग्निकांड, गैस चूल्हों और बिजली शॉर्ट सर्किट से होने वाली आग की घटनाओं के मद्येनजर आयोजित किया गया।
इस अवसर पर उप महासमादेष्टा, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा, बिहार पटना के साथ जिला अग्निशमन पदाधिकारी, पटना एवं अन्य पदाधिकारी सहित कर्मी उपस्थित रहे।
अग्निशमन विभाग, पटना की टीम ने बस्ती वासियों को गैस सिलेंडर में आग लगने पर उसे बुझाने के सुरक्षित तरीकों का जीवंत प्रदर्शन दिखाया। उन्हें सिखाया गया कि गीले बोरे या बाल्टी की मदद से बिना घबराए आग पर कैसे काबू पाया जा सकता है। साथ ही सुबह 8 बजे से पहले एवं शाम 6 बजे के बाद ही चूल्हें पर खाना बनाए।
शॉर्ट सर्किट से बचने के लिए बिजली के तारों के रखरखाव और क्षमता से अधिक लोड न देने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही फेंस की झोपड़ी को मिट्टी का लेख लगाकर अग्नि रोधी बनाने हेतु जागरूक किया गया।
इसके अतिरिक्त आपातकालीन नंबरों का भी प्रचार प्रसार किया गया, ताकि ऐसी कोई घटना घटित होती है तो तुरंत सूचना देकर मदद प्राप्त किया जा सके एवं जोखिमों को न्यून किया जा सके।
उपस्थित वरिष्ठ अधिकारी एवं जिला अग्निशमन पदाधिकार ने स्थानीय निवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि सावधानी ही बचाव है। इसलिए सतर्कता बरतनी आवश्यक है। इस कार्यक्रम में लगभग 250 स्थानीय एवं राहगीरों ने भाग लिया।









