बिहार की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से पार्टी के दिग्गज नेता ललन सिंह, संजय झा और विजय चौधरी ने मुलाकात की है। पार्टी में नीतीश कुमार के बेटे निशांत को मंत्री बनाए जाने पर भी चर्चा हो रही है। कल निशांत के भी मंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है।
दरअसल, बिहार में 7 मई को एनडीए सरकार का कैबिनेट विस्तार होगा। पटना के गांधी मैदान में 7 मई को दोपहर 12.10 बजे नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण होगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज शाम ही पटना पहुंच जाएंगे।
पीएम मोदी समेत कई दिग्गज नेता रहेंगे मौजूद
बीजेपी की बिहार इकाई के अध्यक्ष संजय सरावगी ने 5 मई को बताया कि राज्य में एनडीए सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार 7 मई को किया जाएगा। सरावगी ने कहा कि इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की बड़ी जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी पहली बार बिहार आ रहे हैं, इसलिए उनके स्वागत की भव्य तैयारियां की जा रही हैं।
सरावगी ने बताया कि इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष जीतन राम मांझी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा समेत गठबंधन के अन्य नेता भी शामिल होंगे।
इस बीच, प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजधानी पटना के गांधी मैदान में तैयारियां तेज कर दी गई हैं, जहां शपथ ग्रहण समारोह के लिए एक बड़ा मंच तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा और प्रोटोकॉल के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे गांधी मैदान क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। गांधी मैदान में आम लोगों के प्रवेश पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।










