लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला आज नई दिल्ली स्थित आईआईटी दिल्ली में Pan IIT Alumni India द्वारा आयोजित पुस्तक “IIT – The Story of India’s Most Prestigious Educational Ecosystem” के लोकार्पण समारोह में सहभागिता करेंगे।
इस अवसर पर लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला कार्यक्रम को संबोधित करेंगे तथा देश के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, उद्योग जगत के अग्रणी प्रतिनिधियों और आईआईटी के पूर्व छात्रों के साथ संवाद करेंगे।
अपने संबोधन में श्री बिरला भारत की ज्ञान-परंपरा, वैज्ञानिक चेतना, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में आईआईटी की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालेंगे। साथ ही विकसित भारत-2047 के निर्माण में अनुसंधान, प्रौद्योगिकी और युवा शक्ति के योगदान पर अपने विचार व्यक्त करेंगे।
यह पुस्तक आईआईटी की गौरवशाली यात्रा, उसकी वैश्विक पहचान तथा आधुनिक भारत के निर्माण में उसके योगदान को रेखांकित करती है। कार्यक्रम में शिक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार जगत से जुड़े अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहेंगे।









